Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या ओवररेटिंग न हो इसके लिए होटल ढाबों दुकानों और रेस्टोरेंट में निरंतर जांच की जाए। सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में नेशनल हाईवे 334 बहादराबाद क्षेत्र में स्थित ढाबों और होटलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 14 ढाबों और होटलों की जांच की गई तथा सभी प्रतिष्ठानों में फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और लाइसेंस प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान दुबे ग्रीन चिली ढाबा को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने और खराब तेल का उचित निस्तारण न करने पर नोटिस जारी किया गया। चौहान शुद्ध वैष्णव ढाबा को गलत पंजीकरण पर संचालन करने पर नोटिस दिया गया जबकि व्यंजन वेन्यू ढाबा और शांतरशाह स्थित फेस्को रिसॉर्ट होटल को भी अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा पूर्ति विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चंडी मंदिर से गेंडीखाता तक हाईवे किनारे स्थित ढाबों और होटलों का निरीक्षण किया गया। 9 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान फूड लाइसेंस प्रदर्शित न करने और बिना लाइसेंस संचालन करने पर नोटिस जारी किए गए। चंडी देवी मंदिर क्षेत्र में जूस पानी और खाद्य स्टाल संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और कूड़े का उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। पूर्ति विभाग की टीम ने सभी ढाबा और होटल संचालकों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने और केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडर का उपयोग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कहीं नहीं पाया गया। टीम में पूर्ति निरीक्षक प्रकाश फत्याल, मुकुल शर्मा और अरुण सैनी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp