Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम यात्रा की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने स्वयं कमान संभालते हुए फिर से धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देर शाम केदारनाथ पहुंचते ही जिलाधिकारी ने यात्रा में तैनात यात्रा मजिस्ट्रेट सेक्टर मजिस्ट्रेट सब सेक्टर मजिस्ट्रेट राजस्व पुलिस स्वास्थ्य लोक निर्माण विभाग पेयजल विद्युत पशुपालन और सुलभ के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पिछले दो दिनों की यात्रा का फीडबैक लिया और अधिकारियों के अनुभव सुनकर यात्रा को और अधिक सुगम और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अधिक सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व मधुर व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर परिसर के आसपास कोई भी यूट्यूबर या ब्लॉगर ड्रोन न उड़ा सके और यात्रा के खिलाफ भ्रामक वीडियो न बना सके। जिला सूचना अधिकारी को निर्देशित किया गया कि यात्रा के विरुद्ध प्रसारित होने वाले भ्रामक वीडियो ब्लॉग या रील पर लगातार नजर रखें और संज्ञान में आते ही तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य पेयजल विद्युत और सुलभ से जुड़े सभी कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी शिकायत की सूचना मिलते ही 10 मिनट के भीतर संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर समस्या का समाधान करने को कहा गया। बीकेटीसी के कार्मिकों को भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और श्रद्धालुओं के सुगम एवं शीघ्र दर्शन की व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूप से निर्देशित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp