Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उच्च हिमालयी क्षेत्र में संचालित श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दौरान जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को श्रद्धालुओं के लिए प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। संपूर्ण यात्रा मार्ग से लेकर धाम क्षेत्र तक स्थापित चिकित्सा इकाइयों मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP) बेस कैंप चिकित्सालयों तथा हेली और एम्बुलेंस रेस्क्यू सेवाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार यात्रा प्रारंभ से अब तक तीन दिनों में धाम स्थित चिकित्सालयों में कुल 6733 यात्रियों को ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं प्रदान की गई हैं। 24 अप्रैल को 4993 श्रद्धालुओं का उपचार किया गया। इसी प्रकार अब तक 2869 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है जिनमें से 1311 जांचें एक ही दिन में की गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा से पहले और यात्रा के दौरान नियमित परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है जिससे संभावित जोखिम वाले यात्रियों की समय रहते पहचान हो सके। रेस्क्यू व्यवस्था के तहत अब तक 4 यात्रियों को हेली सेवा के माध्यम से उच्च चिकित्सा संस्थान में भेजा गया है 13 यात्रियों को एम्बुलेंस से और 7 श्रद्धालुओं को डंडी-कंडी के माध्यम से सुरक्षित नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अब तक 11 यात्री यात्रा के लिए अयोग्य पाए गए हैं जिनमें 2 मामले 24 अप्रैल के हैं। ऐसे यात्रियों को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार यात्रा न करने या सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। 23 अप्रैल को दो गंभीर मरीजों को हेली रेस्क्यू के माध्यम से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। इनमें गुजरात के मेहसाणा निवासी 55 वर्षीय धनजी भाई को सांस लेने में तकलीफ और शरीर के दाहिने हिस्से में कमजोरी के चलते प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। वहीं नागपुर निवासी 19 वर्षीय मंदार मधुकर को सांस लेने में कठिनाई और कमजोरी के कारण उपचार के बाद हेली सेवा से भेजा गया। 24 अप्रैल को भी दो गंभीर मरीजों को हेली रेस्क्यू के माध्यम से उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रखी गई हैं। विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजन सुविधा चिकित्सक नर्सिंग स्टाफ एम्बुलेंस और हेली सेवाएं तैनात हैं ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp