Spread the love

प्रदीप कुमार
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवप्रयाग बागी में अल्ट्रासाउंड सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नई स्वास्थ्य सुविधा के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को अब जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए सरकार और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया। अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने को स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अब प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शुक्रवार को विशेषज्ञ डॉक्टर अल्ट्रासाउंड जांच के लिए सीएचसी बागी में उपलब्ध रहेंगे। इससे गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों को समय पर जांच सुविधा मिल सकेगी। देवप्रयाग विधानसभा के विधायक विनोद कंडारी ने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि ग्रामीण जनता को बेहतर और समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को उसके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की सुविधाएं क्षेत्र के लोगों के लिए राहत लेकर आएंगी और स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगी। नई अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने से देवप्रयाग क्षेत्र के लोगों को अब बड़ी स्वास्थ्य सुविधा का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिलने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp