Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रस्तावित घोषणा के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की 11 विधानसभाओं में गहन पुनरीक्षण के लिए 11 ईआरओ 64 एईआरओ तथा 1715 मतदेय स्थलों पर 213 बीएलओ और सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण से पूर्व तैयारियों के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम त्रुटिवश अपमार्जित न हो। उन्होंने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्रवार और मतदेय स्थलवार अनुपस्थित अन्यत्र स्थानांतरित तथा मृत मतदाताओं की सूची तैयार की गई है जिसे सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जा रहा है। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से हट गया है तो वह प्रपत्र 6 भरकर बीएलओ के पास जमा कर सकता है या ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ के सहयोग के लिए बीएलए-2 की तैनाती सुनिश्चित करें ताकि पात्र मतदाताओं के नामों के सत्यापन में सहायता मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो मतदाता अनुपस्थित हैं अन्यत्र स्थानांतरित हो गए हैं या जिनकी मृत्यु हो चुकी है उनके नाम संबंधित विधानसभा और मतदेय स्थल की मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की गई। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp