Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में नव नियुक्त आरक्षियों के जेटीसी पूर्ण होने के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने उन्हें संबोधित करते हुए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण के महत्व खाकी वर्दी की गरिमा और पुलिस सेवा में कर्तव्यनिष्ठा की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। खाकी वर्दी के सम्मान अनुशासन और ईमानदारी को सर्वोपरि बताते हुए सभी आरक्षियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में केवल शारीरिक दक्षता ही नहीं बल्कि तकनीकी रूप से दक्ष होना भी अत्यंत आवश्यक है। साइबर अपराधों और आधुनिक चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों का तकनीकी रूप से सक्षम होना समय की मांग है। उन्होंने आरक्षियों को आगामी आरटीसी प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे वहां प्राप्त होने वाले प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करें तथा स्वयं को एक सक्षम संवेदनशील और जिम्मेदार पुलिसकर्मी के रूप में विकसित करें। इस अवसर पर नव नियुक्त आरक्षियों से प्रशिक्षण से संबंधित फीडबैक भी लिया गया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन और प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp