Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रीष्म ऋतु के दौरान संभावित आपदाओं और हीट वेव के प्रभावी प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि जनजीवन और आधारभूत सेवाओं पर पड़ने वाले प्रभाव को न्यूनतम रखने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि बढ़ते तापमान जल संकट विद्युत आपूर्ति पर दबाव वनाग्नि और आगजनी जैसी संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है। हीट वेव के दौरान जन स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति विद्युत व्यवस्था की सुचारुता अग्निशमन संसाधनों की तत्परता स्वच्छता और जल निकासी पशुधन की देखभाल तथा कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल छाया और जन जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। हीट वेव से बचाव के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाते हुए त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इस कार्य के लिए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील की है कि भीषण गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा बच्चों बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp