प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत राजस्व प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय राजस्व संवर्धन एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन विभाग आबकारी परिवहन रोडवेज राज्य कर खनन विद्युत स्टाम्प एवं पंजीकरण पर्यटन और सिंचाई विभागों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत राजस्व प्राप्ति के लिए आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी संचालित योजनाओं की जानकारी लेते हुए वर्ष 2026 के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करे जिससे राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को निर्देश दिए कि जनपद में अवैध और कच्ची शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। इसके लिए पुलिस और राजस्व विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण करते हुए नियमित छापेमारी की जाए। परिवहन विभाग को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। खनन विभाग को अवैध खनन पर कड़ी निगरानी रखते हुए छापेमारी करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि राजस्व प्राप्ति से जुड़ी योजनाओं और कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य समय पर प्राप्त किया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुड़की जितेंद्र चंद जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हरिद्वार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व समीक्षा बैठक शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश
