Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की मिलावट और ओवररेटिंग को रोकने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपद में संचालित होटल ढाबों दुकानों और रेस्टोरेंट में निरंतर छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं। सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण नई दिल्ली खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड सचिन कुर्वे तथा जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में उपायुक्त खाद्य सुरक्षा (गढ़वाल मंडल) आर एस रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन योगेंद्र पाण्डेय कैलाश चन्द्र टम्टा कपिल देव तथा मंडी निरीक्षक अजय यादव शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा टीम ने ज्वालापुर स्थित हरी सब्जी एवं फल मंडी सराय रोड में होलसेल और रिटेल फल विक्रेताओं का निरीक्षण किया। इस दौरान फलों को पकाने में प्रयुक्त एथलीन गैस स्प्रे एवं एथलीन सेसे (पुड़िया) सहित कुल 8 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। साथ ही राइपिनिंग गैस चेंबरों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तरबूज खरबूज आम और केले का भौतिक परीक्षण किया गया तथा कृत्रिम रंगों के उपयोग की भी जांच की गई। जांच में कहीं भी फलों को पकाने में कैल्शियम कार्बाइड के प्रयोग के प्रमाण नहीं मिले और प्रारंभिक परीक्षण में कृत्रिम रंगों का उपयोग भी नहीं पाया गया। विस्तृत जांच के लिए सभी नमूनों को राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। इस दौरान इथलीन गैस निर्माता कंपनी नीलकंठ इंटरप्राइजेज इंडिया नोहर (राजस्थान) तथा इथलीन सेसे बनाने वाली कंपनी एम एम ट्रेडर्स साहिबाबाद गाजियाबाद को खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया गया। कंपनियों को फूड लाइसेंस नंबर निर्माण तिथि बैच नंबर एक्सपायरी तिथि सहित आवश्यक प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp