Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधारीकरण कार्यों से संबंधित लंबित प्रस्तावों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीआरओ और एनएचआईडीसीएल द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बीआरओ के अधिशासी अभियंता को ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी क्षेत्र के मध्य मार्ग सुधारीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी लंबित प्रस्तावों को संबंधित विभागों के समन्वय से जल्द निस्तारित करने को कहा, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित भूमि विवादों को उपजिलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र सुलझाने तथा कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने भनेर पानी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक ब्लास्टिंग की अनुमति लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश बीआरओ के अधिशासी अभियंता केटी राव एनएचआईडीसीएल के अधिकारी और अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp