Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से विकासखंड थैलीसैंण के ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजीव रावत ने क्षेत्र में सबसे अधिक गृह प्रसव होने पर चिंता व्यक्त की। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए मातृत्व सुरक्षा और शिशु सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करें और गृह प्रसव को शून्य करने में सहयोग दें। इस अवसर पर ग्राम प्रधान घुलेख उत्तम सिंह कुठखाल भगत सिंह और रिश्ती की ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने त्रिपालीसैंण क्षेत्र में अतिरिक्त एएनएम की व्यवस्था करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि वर्तमान में इतने बड़े क्षेत्र में केवल एक एएनएम कार्यरत है जिससे गर्भवती महिलाओं और बच्चों का समय पर टीकाकरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने क्षेत्र में नियमित और समयबद्ध टीकाकरण के लिए अतिरिक्त एएनएम की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही मिजगांव कुठ और गडोली में आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की मांग भी रखी गई ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके। बैठक में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक रविकांत उनियाल मनमोहन देवली ग्राम प्रधान अनिशा देवी नीमा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp