Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य करम सिंह कर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को गोपेश्वर में जनपद के विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सफाई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ संवाद कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर पालिका परिषद चमोली गोपेश्वर के सभागार में आयोजित बैठक में सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव धर्मेंद्र और जिलाध्यक्ष राजपाल ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने नगर पालिका परिषद गोपेश्वर में सफाई कर्मचारियों के 13 पदों पर नियुक्ति करने मोहल्ला स्वच्छता समिति में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की। इस पर आयोग के सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार न्यूनतम मानदेय दिया जाए और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने श्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विभागों में तैनात सफाई कर्मचारियों की स्थिति और वेतन का सत्यापन कर न्यूनतम मानदेय का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। बैठक के दौरान नगर पालिकाओं में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की संख्या और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली गई। इसके साथ ही हाथ से मैला उठाने वाले कर्मचारियों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों के हितों से जुड़े नियमों के पालन पर जोर दिया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आनंद भाकुनी उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता सीएमएस डॉ.अनुराग धनिक तहसीलदार दीप्ति शिखा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत बीना नेगी वाल्मीकि समाज संघ के महामंत्री अमित कुमार देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विश्वम्बर उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp