Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में मानवता की मिसाल पेश करते हुए थाना छाम पुलिस ने दलदल में फंसी दो भैंसों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। 2 मई 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि टिहरी झील के समीप जसपुर पिराड़ी क्षेत्र में दो भैंसें दलदल में फंसी हुई हैं और बाहर निकलने में असमर्थ हैं। सूचना मिलते ही थाना छाम पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर देखा गया कि दोनों भैंसें गहरे कीचड़ में फंसी हुई थीं और लगातार धंसती जा रही थीं जिससे उनके जीवन को खतरा बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने धैर्य और सूझबूझ के साथ रस्सियों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से एक भैंस को 2 मई को तथा दूसरी भैंस को 3 मई को सकुशल बाहर निकाल लिया। पूरे अभियान के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि पशुओं को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे। रेस्क्यू अभियान की सफलता पर स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता, कुशलता और संवेदनशीलता की सराहना की। टिहरी पुलिस ने बताया कि आमजन की सहायता और जीव-जंतुओं की सुरक्षा के लिए इसी तरह समर्पित भाव से कार्य किया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp