Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में श्रीलंका सिविल सेवा के 40 प्रशिक्षु अधिकारियों का एक दल भ्रमण पर पहुंचा जहां जिला आपदा प्रबंधन सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उनका स्वागत किया गया। राष्ट्रीय सुशासन केंद्र के तत्वावधान में आए इस दल का नेतृत्व कोर्स समन्वयक डॉ.एपी सिंह समन्वयक डॉ.एम के भंडारी और प्रशिक्षण सहयोगी संजय दत्त पंत कर रहे थे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली दायित्वों और अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं प्रशासनिक चुनौतियों और जिला स्तर की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षु अधिकारियों को हरिद्वार की सांस्कृतिक और धार्मिक विशेषताओं जैसे गंगा आरती कुंभ मेला और कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और आपदा प्रबंधन की चुनौतियों से भी अवगत कराया गया। प्रशासनिक व्यवस्थाओं अवसंरचना और कार्य प्रणाली की बारीकियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने पुलिस व्यवस्था संरचना कानून व्यवस्था और बड़े आयोजनों में भीड़ नियंत्रण के तरीकों की जानकारी दी। वहीं खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल ने विकासखंड स्तर पर संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे जिनका जिलाधिकारी ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी द्वारा किया गया। इस दौरान श्रीलंका के प्रशासनिक दल की प्रमुख इल्लनदरागे मंगला प्रियदर्शिनी गुणरत्ना ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए प्रतीक चिन्ह भेंट किया। जिला प्रशासन की ओर से भी सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर के सिंह जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक अभिषेक चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp