प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। पीडब्ल्यूडी तिराहा के पास स्थित एक ढाबे में आग लगने की घटना में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और दो घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए भेजा गया। घटना 4 मई 2026 की सुबह करीब 10:45 बजे की है जब ढाबे में एक भट्टी जल रही थी और दूसरी भट्टी पर गैस सिलेंडर बदला जा रहा था। इसी दौरान कमर्शियल गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही नरेंद्रनगर फायर यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया और आग पर काबू पा लिया। फायर कर्मियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घटना में घायल नविता निवासी सिंबलचौड़ कोटद्वार और प्रमोद कुमार को मौके से सुरक्षित निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद उपजिला चिकित्सालय ऋषिकेश रेफर किया गया जहां उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की समन्वित कार्रवाई से न केवल आग पर समय रहते नियंत्रण पाया गया बल्कि संभावित जनहानि को भी टाल दिया गया।
