प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा शुरू होने से पहले मार्गों और शहर में चल रहे सभी निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पेयजल निगम को निर्देश दिए गए कि सीवरेज से जुड़े सभी निर्माण कार्य समय से पहले पूरे किए जाएं। राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को सड़कों के निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने और जहां गड्ढे हैं वहां तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों के किनारे पड़ी निर्माण सामग्री और मलबा तुरंत हटाने को कहा गया ताकि यातायात बाधित न हो। जल संस्थान और जल निगम को पेयजल लाइनों के मरम्मत कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नगर निगम नगर पंचायत जिला पंचायत और नगर पालिकाओं के साथ-साथ खंड विकास अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों और जल निकासी तंत्र की सफाई प्राथमिकता से कराई जाए ताकि जलभराव की स्थिति न बने। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में बंद नालियों के कारण जलभराव होता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करें।
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश लापरवाही पर होगी कार्रवाई
