Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने 29 से अधिक शिकायतें और समस्याएं प्रस्तुत कीं। प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी भी संबंधित विभागों से मांगी। जनता दरबार के दौरान विकासखंड चंबा के नवागर संगवाण गांव के ग्रामीणों ने दो माह से गैस सिलेंडर न मिलने की समस्या उठाई जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल गांव में गैस वाहन भेजने और ग्रामीणों को सूचना देने के निर्देश दिए गए। न्याय पंचायत डडूर क्षेत्र के ग्रामीणों ने दिखोलगांव-धारकोट में कृषि विभाग के भवन को ठीक कर उपयोग में लाने की मांग रखी जिस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विकासखंड नरेंद्रनगर के कखील गांव में मिलन केंद्र के लिए दान की गई भूमि के दोबारा विक्रय की शिकायत पर उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर को जांच के निर्देश दिए गए। इसी गांव के एक अन्य मामले में भूमि के दाखिल-खारिज से संबंधित समस्या पर भी जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया। विकासखंड जौनपुर के परोड़ी गांव के रमेश लेखवार ने 17 परिवारों को जल जीवन मिशन योजना से वंचित रहने की शिकायत की जिस पर जल निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। चंबा रानीचौरी के एक निवासी ने मकान के पास खड़े चीड़ के पेड़ से खतरे की आशंका जताई जिस पर वन विभाग को शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया। प्रभारी जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और समाधान पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के त्वरित निस्तारण के भी निर्देश दिए और कहा कि अधिकारी सीधे शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय जिला विकास अधिकारी मो.असलम सांख्यिकी अधिकारी साक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp