Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उच्च हिमालयी क्षेत्र में संचालित केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दौरान जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को श्रद्धालुओं के लिए प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। संपूर्ण यात्रा मार्ग से लेकर धाम क्षेत्र तक स्थापित चिकित्सा इकाइयों मेडिकल रिलीफ पोस्ट बेस कैंप चिकित्सालयों तथा हेली और एम्बुलेंस रेस्क्यू सेवाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार यात्रा प्रारंभ से अब तक धाम स्थित चिकित्सालयों में कुल 40116 यात्रियों को ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं प्रदान की गई हैं जबकि आज 3275 श्रद्धालुओं का उपचार किया गया। इसी प्रकार अब तक 30511 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है जिनमें से 2211 जांच एक ही दिन में की गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा से पहले और यात्रा के दौरान नियमित जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है जिससे संभावित जोखिम वाले यात्रियों की समय रहते पहचान की जा सके। रेस्क्यू व्यवस्था के तहत अब तक 19 तीर्थ यात्रियों को हेली सेवा के माध्यम से उच्च चिकित्सा संस्थान भेजा गया है। 112 यात्रियों को एम्बुलेंस और 50 श्रद्धालुओं को डंडी-कंडी के माध्यम से सुरक्षित नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है जो त्वरित कार्रवाई को दर्शाता है। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अब तक 31 यात्री अस्वस्थ या यात्रा के लिए अयोग्य पाए गए हैं जिनमें 6 मामले आज के हैं। ऐसे यात्रियों को यात्रा न करने या चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आगे बढ़ने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजन सुविधा चिकित्सक नर्सिंग स्टाफ एम्बुलेंस और हेली सेवाएं तैनात हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले अपना स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें। कुल मिलाकर केदारनाथ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत व्यवस्था और त्वरित रेस्क्यू प्रणाली के चलते श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp