Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बुधवार को बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जनहित से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने परियोजना निदेशक को निर्देशित किया कि सभी लंबित घोषणाओं की नियमित समीक्षा करते हुए एस्टीमेट तैयार करने भूमि चयन कार्यदायी संस्था के निर्धारण तथा वन विभाग से संबंधित मामलों का निरंतर अनुश्रवण किया जाए ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत संचालित कार्यों में तेजी लाई जाए और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रगति की समीक्षा की जाए। साथ ही जिन योजनाओं में किसी प्रकार की बाधा आ रही है उन्हें प्राथमिकता से चिन्हित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी ने जानकारी दी कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में कुल 48 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 29 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं 12 अपूर्ण हैं 6 पर कार्यवाही जारी है तथा 1 घोषणा आंशिक रूप से पूर्ण है। जिलाधिकारी ने अपूर्ण एवं प्रगति पर चल रही योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी डीडीओ केके पंत युवा कल्याण अधिकारी डीएन द्विवेदी लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन ध्यानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp