Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार द्वारा जनपद में नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कर्णप्रयाग पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वर्ष 2025 के चरस तस्करी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर सप्लायर बलवीर सिंह उर्फ बल्ली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की शुरुआत 03 अक्टूबर 2025 को हुई थी जब कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस ने अजय सिंह पिमोली नाम के एक आरोपी को 520 ग्राम अवैध चरस के साथ पकड़ा था। जांच में यह सामने आया कि आरोपी बीटेक का छात्र था और श्रीनगर कॉलेज के छात्रों तक नशा पहुंचाने की साजिश में शामिल था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जिला कारागार चमोली भेजा गया था। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने केवल पकड़े गए आरोपी तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने पर ध्यान केंद्रित किया। बैंक लेनदेन और कॉल डिटेल की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बलवीर सिंह इस अवैध कारोबार का मुख्य सप्लायर है जो शिक्षण संस्थानों के छात्रों तक नशा पहुंचाने वाले नेटवर्क को संचालित कर रहा था। लगातार फरार चल रहे आरोपी को 05 मई 2026 को पुलिस टीम ने घेस-देवाल मार्ग पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान ग्राम हिमनी पोस्ट घेस थाना थराली निवासी 32 वर्षीय बलवीर सिंह उर्फ बल्ली के रूप में हुई। उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और साक्ष्यों व तकनीक के आधार पर ऐसे सभी लोगों तक पहुंचा जाएगा जो युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। पुलिस टीम में शामिल रहे उप निरीक्षक मानवेंद्र सिंह गुसाईं हेड कांस्टेबल प्रदीप बहुखण्डी कांस्टेबल संतोष सिंह हेड कांस्टेबल दिगंबर सिंह रावत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *