Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को हर की पौड़ी से भीमगोड़ा क्षेत्र तक अतिक्रमण की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कई स्थानों पर फुटपाथ और नालियों के ऊपर दुकानें संचालित की जा रही थीं जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए आगे बढ़ी दुकानों को पीछे हटवाया तथा दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी दुकान फुटपाथ या नालियों के ऊपर संचालित न की जाए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण यातायात व्यवस्था और यात्रा संचालन को प्रभावित करता है जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित विभागों को क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सचिन कुमार और हर की पौड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp