Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखण्ड चम्बा के ग्राम पंचायत भण्डार गांव के हेवल नदी किनारे मण्डाई नाम तोक में लक्ष्मी देवी के खेत में फसल कटाई प्रयोग (क्रॉप कटिंग) कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फसल उत्पादन आंकड़ों के संकलन में पारदर्शिता एवं शुद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार फसल कटाई प्रयोग संपादित किया गया। इस अवसर पर आईएएस (प्रशिक्षु) ज्योति भी मौजूद रहीं और उन्होंने अधिकारियों से फसल कटाई प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि फसल कटाई प्रयोग कृषि उत्पादन के वास्तविक आंकलन का महत्वपूर्ण माध्यम है जिससे किसानों से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं बीमा दावों के निर्धारण में सहायता मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी फसल कटाई प्रयोग समयबद्ध एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न किए जाएं तथा आंकड़ों का सही संकलन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसानों को भी इस प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। इस अवसर पर कानूनगो महिपाल सिंह पुंडीर राजस्व उप निरीक्षक दिनेश बहुगुणा धनपाल सिंह कुसुम रावत सहित संबंधित विभागीय कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp