Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व एथलेटिक्स दिवस के अवसर पर रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास श्रीनगर गढ़वाल में विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और जोश के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के उप प्रधानाचार्य रिद्धिस उनियाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के जीवन में अनुशासन आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। मैराथन शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को दौड़ से संबंधित आवश्यक नियमों और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। इसके बाद चौरास क्षेत्र से होकर विद्यालय परिसर तक मैराथन दौड़ आयोजित की गई। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों ने ऊर्जा और उत्साह के साथ दौड़ लगाई तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने वाले संदेश भी दिए। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों ने जागो और भागो जो है फिट वही है हिट जैसे प्रेरणादायक स्लोगन के माध्यम से फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। चौरास क्षेत्र में लोगों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में अंश लिंगवाल व्योम और आशीष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जबकि बालिका वर्ग में अनुषा अदिति सानिया और आराध्या ने शानदार दौड़ लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लगातार दौड़ते हुए विद्यार्थियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ निर्धारित दूरी पूरी की। इस मैराथन दौड़ में कुल 40 बालक और 35 बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp