Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में चल रहे आधारभूत विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को मनसा देवी मंदिर परिसर मंदिर के पैदल मार्ग तथा हरकीपैड़ी से लालतरो पुल तक संचालित गलियों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। मंदिर परिसर में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और कुंभ मेला-2027 को ध्यान में रखते हुए शहर की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने परियोजना क्रियान्वयन इकाई लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। साथ ही नियमित निगरानी के माध्यम से कार्यों की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि गलियों के सुधार कार्यों के साथ जल निकासी व्यवस्था प्रकाश व्यवस्था पैदल मार्गों एवं सार्वजनिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाए ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मनसा देवी मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं ऐसे में इस क्षेत्र का व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप श्रद्धालुओं के अनुभव को और बेहतर बनाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे फसाड सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मनसा देवी जाने वाले प्रमुख मार्ग पर भवन अग्रभाग सौंदर्यीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि फसाड सौंदर्यीकरण कार्यों के अंतर्गत भवनों एवं मार्गों को धार्मिक और सांस्कृतिक विषयवस्तु के अनुरूप विकसित किया जाए ताकि हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान और अधिक प्रभावी रूप में सामने आए। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और स्वच्छ स्वरूप प्रदान करने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों घाटों और सार्वजनिक स्थलों का समग्र विकास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंदर्यीकरण कार्यों में गुणवत्ता एवं स्थायित्व का विशेष ध्यान रखा जाए। रंगाई-पुताई सजावटी कार्यों प्रकाश व्यवस्था और अन्य सौंदर्यीकरण गतिविधियों में एकरूपता बनाए रखते हुए धार्मिक नगरी की गरिमा के अनुरूप कार्य किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा अनावश्यक अवरोधों को हटाने के लिए नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान प्रवीण कुश परियोजना प्रबंधक परियोजना क्रियान्वयन इकाई लोक निर्माण विभाग सहित वन विभाग एवं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp