Spread the love

प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए पिल्ला गैंग से जुड़े दो आरोपियों को अवैध तमंचा जिंदा कारतूस और नुकीले सुए के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र में मारपीट की घटनाओं को अंजाम देकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दहशत फैलाते थे। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में अपराधियों वांछितों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्र में हो रही मारपीट एवं गैंग गतिविधियों की शिकायतों के चलते सादे वस्त्रों में विशेष टीमें गठित कर जगजीतपुर पीठ पुलिया फुटबॉल ग्राउंड एवं गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी की जा रही थी। दिनांक 10 अप्रैल 2026 को वादी कुलदीप के पुत्र के साथ हुई मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था जिसमें कुल 11 आरोपी प्रकाश में आए थे। पूर्व में दो नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। इसी क्रम में 7 मई 2026 को पुलिस टीम ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा बताया गया कि आरोपियों की पहचान इंस्टाग्राम पर अपलोड वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण उर्फ बोडा पुत्र राजकुमार निवासी शिवपुरी गली नंबर 5 थाना कनखल तथा रवि सिंह उर्फ सरदार पुत्र गोपाल सिंह निवासी सतीघाट थाना कनखल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा 12 बोर एक जिंदा कारतूस तथा एक नुकीला सुआ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी रवि उर्फ सरदार थाना क्षेत्र की कई घटनाओं में पहले भी शामिल रहा है और पूर्व में पुलिस अभिरक्षा से फरार भी हो चुका है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp