Spread the love

मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में रुद्रप्रयाग में आयोजित जनसंवाद में 25 शिकायतें दर्ज हुईं 12 का मौके पर समाधान

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।मुख्य विकास अधिकारी डाॅ.जीएस खाती की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जन संवाद/जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी 25 शिकायतें दर्ज की गईं।इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया,जबकि शेष समस्याओं को समाधान हेतु त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।आयोजित जन संवाद/जनता मिलन कार्यक्रम के अवसर पर तल्ला नागपुर संघर्ष समिति के अध्यक्ष अमित प्रदाली ने ग्रामीणों की सुविधा के दृष्टिगत क्षेत्र में आधार कार्ड कैंप लगवाने की मांग की। धारतोंदला के ग्रामीणों द्वारा गांव में जिल योजना के अंतर्गत खेल मैदान का कार्य,जल जीवन मिशन,जल संस्थान,आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पंचायत भवन में संचालित होने आदि विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया। ग्राम पंचायत मरोड़ा के अंतर्गत अनुसूचित जाति के ग्रामीणों ने समस्या दर्ज करते हुए बताया कि उनकी गौशालाएं जीर्ण-शीर्ण हो चुकी हैं जिससे उनके मवेशी धूप व बारिश में रहती हैं। ग्रामीणों द्वारा उनकी गौशालाओं को दुरुस्त करने की मांग की गई। गडमिल निवासी डीएस बुटोला ने हड़ेटीखाल में आयुष्मान आरोग्य मंदिर निर्माण करने जबकि सारी निवासी धीरज लाल ने ग्राम पंचायत सारी-झालीमठ अनुसूचित जाति बस्ती में पेयजल संबंधी प्रार्थना-पत्र दिया। दरमोला निवासी कनकपाल सिंह ने बीते दिन हुई तेज आंधी-तूफान व बारिश से उनकी गौशाला की छत व दीवार क्षतिग्रस्त होने की समस्या तथा स्यूंणी गांव के अमर सिंह ने मनरेगा सहायक द्वारा कार्य में बाधा डालने व विभागीय कार्य की अनुदान राशि न दिए जाने की शिकायत दर्ज की।तरह आयोजित जनसंवाद/जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 25 शिकायतें दर्ज की गई,जिनमें 12 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया,जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जन संवाद कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों को सभी अधिकारी गंभीरता से लें तथा समयबद्धता के साथ उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। जिन शिकायतों के लिए स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं,उनका निर्धारित समय के भीतर निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। यदि किसी अधिकारी द्वारा किसी भी प्रकार की शिथिलता बरती जाती है,तो उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दर्ज शिकायतों पर की गई कार्यवाही की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता एवं जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि किसी भी आम जनमानस अथवा कर्मचारी की कोई समस्या या भुगतान संबंधित प्रकरण लंबित है,तो उसे संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए ताकि संबंधित को त्वरित लाभ प्राप्त हो सके।जनसंवाद/जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि एल-1 स्तर पर 128 और एल-2 स्तर पर 40 शिकायतें लंबित हैं।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।इस अवसर पर उप वन संरक्षक रुद्रप्रयाग कल्याणी,उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रामप्रकाश,पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल,अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी,जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा,जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली,प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp