प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष निर्विघ्न एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन देहरादून ने निर्वाचन तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को परेड ग्राउंड परिसर स्थित बॉक्सिंग हॉल में जनपद के निर्वाचन के लिए नियुक्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्मिकों के बीच पहुंचकर निर्वाचन संबंधी दायित्वों कार्यप्रणाली और विभिन्न प्रक्रियाओं से जुड़ी उनकी शंकाएं सुनीं तथा उनका समाधान किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष निर्विघ्न एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में जोनल तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का पावन पर्व है और इसकी गरिमा एवं पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक निर्वाचन कार्मिक की जिम्मेदारी है। निर्वाचन में सौंपे गए दायित्वों को बोझ के रूप में न लेकर राष्ट्र एवं राज्य के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के अवसर के रूप में लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा चूक के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी विषय पर शंका होने पर संबंधित अधिकारी अपने उच्चाधिकारी से संपर्क कर समय रहते उसका समाधान सुनिश्चित करें ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित सभी दायित्वों एवं प्रक्रियाओं को भली-भांति समझते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में मिले इस अवसर को अपने कार्य अनुभव एवं व्यक्तित्व विकास का हिस्सा बनाते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व को निष्पक्ष निर्बाध एवं निर्विघ्न संपन्न कराने में सक्रिय योगदान दें। जिलाधिकारी ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर मतदान केंद्रों एवं मतदान बूथों की स्थिति का गंभीरता से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भ्रमण के दौरान मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति और सड़क से मतदान केंद्र की दूरी का आकलन करने के साथ मतदान केंद्र भवन की स्थिति आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं यानी एएमएफ की उपलब्धता कनेक्टिविटी और नेटवर्क की स्थिति का निरीक्षण करने को कहा। इसके साथ ही संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग सहित अन्य आवश्यक निर्वाचन व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन कर डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का सटीक संकलन और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा ताकि निर्वाचन की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सकें। प्रशिक्षण में नियुक्त 50 जोनल मजिस्ट्रेटों में से 46 तथा 239 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में से 218 अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ.दीपक सैनी अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार तथा मास्टर ट्रेनर एवं निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह उपस्थित रहे।
