प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल की नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल ने शुक्रवार 27 नवंबर 2026 को कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने भद्रकाली मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां भद्रकाली का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय नई टिहरी पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस बल ने उन्हें औपचारिक सलामी दी। सलामी ग्रहण करने के बाद उन्होंने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने जनपद की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ यातायात प्रबंधन एवं जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल ने जनपद मुख्यालय के पत्रकारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता देना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जाएगा और जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही जनता के साथ संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार बनाए रखने को कहा। उन्होंने नशा उन्मूलन अभियान और साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ महिला सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस और आमजन के बीच संवाद मजबूत करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा। क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह। मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी संजीवा कुमार। प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चंबा अमित कुमार। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नई टिहरी ऐश्वर्य पाल। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चंबा विपिन बहुगुणा और पुलिस कार्यालय के समस्त शाखा प्रभारी सहित कार्यालय में नियुक्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
