प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ बैठक की। बैठक में चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सा एवं जांच उपकरणों की स्थिति और उनकी कार्यक्षमता की समीक्षा की गई। साथ ही नए उपकरणों की आवश्यकता तथा खराब हो चुके उपकरणों को बदलने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने मरीजों को जिला चिकित्सालय में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और दूसरे चिकित्सालयों में रेफर किए जाने की दर कम करने पर जोर दिया। उन्होंने चिकित्सकों से इस संबंध में सुझाव भी लिए। बैठक में चिकित्सकों ने पूर्व में उपलब्ध कराए गए नॉन कॉन्टेक्ट रेटिनोमीटर और ईसीजी मशीन के साथ ओटी टेबल के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया। चिकित्सकों ने बताया कि लगभग चार माह पूर्व उपलब्ध कराए गए नॉन कॉन्टेक्ट रेटिनोमीटर से प्रतिदिन करीब 50 मरीजों को लाभ मिल रहा है। जिलाधिकारी ने विभागवार उपलब्ध उपकरणों और उनकी उपयोगिता की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जिन उपकरणों की तत्काल आवश्यकता है उनके प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं ताकि जिला स्तर पर शीघ्र खरीद की जा सके। अधिक लागत वाले आवश्यक उपकरणों की खरीद के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुराने और खराब हो चुके उपकरणों की मरम्मत अथवा उन्हें बदलने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने को कहा। उन्होंने कहा कि उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता और उनका सुचारु संचालन सुनिश्चित होने से मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार मिल सकेगा और उन्हें अनावश्यक रूप से दूसरे चिकित्सालयों में रेफर नहीं करना पड़ेगा। बैठक में एनेस्थीसिया विभाग के लिए एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन और पैरामॉनिटर उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। स्त्री रोग विभाग के लिए ए-स्कैन मशीन तथा ईएनटी विभाग के लिए इयर सर्जिकल ड्रिल और ओएई मशीन के साथ टिम्पेनोमेट्री मशीन एवं एंडोस्कोपी यूनिट उपलब्ध कराने पर विचार किया गया। इसके अलावा मरीजों के बेहतर उपचार के लिए वेंटिलेटर और पोर्टेबल एक्स-रे के साथ लैप्रोस्कोपिक मशीन तथा सीआर मशीन और पावर ड्रिल मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने इन सभी उपकरणों एवं सुविधाओं से संबंधित प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब पड़े बायोकेमिकल एनालाइजर को ठीक कराने तथा फेको मशीन के स्थान पर नई मशीन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला चिकित्सालय में फाइन नीडल एस्पिरेशन साइटोलॉजी जांच की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए ताकि मरीजों को इस जांच के लिए अन्यत्र न जाना पड़े। बैठक में ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी सेवाओं के सुचारु संचालन पर भी चर्चा हुई। चिकित्सकों के सुझाव पर जिलाधिकारी ने सीएमएस को एक अतिरिक्त ओटी टेक्नीशियन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही लैब टेक्नीशियन की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी ड्यूटी चार्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को उपचार और जांच के लिए इंतजार न करना पड़े। इसके साथ ही चिकित्सालय में स्थापित सभी चिकित्सा एवं जांच उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी भी उपकरण में तकनीकी खराबी आने पर उसे तत्काल ठीक कराया जाए ताकि जांच एवं उपचार सेवाएं प्रभावित न हों। जिलाधिकारी ने सीएमएस को प्रत्येक माह चिकित्सकों के साथ बैठक कर विभागवार आवश्यकताओं और उपकरणों की कार्यक्षमता की समीक्षा करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि उपकरणों की नियमित निगरानी से उनकी कार्यक्षमता और जांच की सटीकता सुनिश्चित की जा सकेगी। चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार किया जाए। बैठक में मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह। सीएमएस डॉ.एलडी सेमवाल। डॉ.हितेन जंगपांगी। डॉ.संजय त्यागी। डॉ.आनंद खंकरियाल। डॉ.रूपा। डॉ.निहारिका बिष्ट। डॉ.सोनाली जोशी। डॉ.अश्विनी चौहान। डॉ.गौरव रूंगटा। डॉ.प्रदीप चौधरी। डॉ. संदीप कुमार और डॉ.अगम कांत सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
