प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बाल विवाह और जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए शुक्रवार को जनपद पौड़ी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। विकास भवन परिसर से निकाली गई रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संदेश दिया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी रमेश चंद और जिला कार्यक्रम अधिकारी महबूब खान ने रैली में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला विकास अधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में मिशन शक्ति एवं वन स्टॉप सेंटर के कार्मिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया। पराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी कर बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने समाज के प्रत्येक वर्ग से इस कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता जरूरी है। इस अवसर पर बाल विकास कार्यालय से विकास बहुगुणा। पिंकी नेगी। बीना रावत। मानसी रावत और सविता नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
