प्रदीप कुमार
नंदानगर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली के नंदानगर क्षेत्र से करीब दो माह से लापता 13 वर्षीय बालक को नंदानगर पुलिस ने ऋषिकेश से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालक की सकुशल वापसी से परिजनों के चेहरे पर खुशियां लौट आईं। जानकारी के अनुसार नंदानगर निवासी एक व्यक्ति ने 11 सितंबर 2026 को थाना नंदानगर में तहरीर देकर बताया था कि उनका 13 वर्षीय नाबालिग पुत्र 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:45 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया है। परिजनों ने बालक की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। मामले की गंभीरता और नाबालिग की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर बालक की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बालक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए बालक की तलाश में जुटी रही। लगातार प्रयासों और कड़ी मशक्कत के बाद 26 नवंबर 2026 को लापता बालक को ऋषिकेश जनपद देहरादून से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने और बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के उपरांत बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने चमोली पुलिस का आभार व्यक्त किया। बालक की बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोज भट्ट। हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह और कांस्टेबल शोभन सिंह शामिल रहे।
