प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर 13 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल सरिता डोभाल के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार थाना चंबा क्षेत्रांतर्गत निवासी उषा देवी ने 3 अक्टूबर 2026 को थाना चंबा में लिखित शिकायत देकर बताया था कि अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर उनसे कुल 13 लाख रुपये की ठगी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विवेचना साइबर पुलिस को हस्तांतरित करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान साइबर पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और डिजिटल लेन-देन के साथ तकनीकी तथ्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर महिला को ऑनलाइन खरीदारी के लिए आकर्षित किया। इसके बाद कुर्ती उपलब्ध कराने के नाम पर व्हाट्सएप नंबरों के माध्यम से संपर्क किया गया और ठगी गई धनराशि वापस करने का झांसा दिया गया। इसी बहाने आरोपी ने महिला से कुल 13 लाख रुपये हड़प लिए। तकनीकी जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान गुलशन मीना निवासी बरवा वस्सी जयपुर राजस्थान के रूप में हुई। इसके बाद 25 नवंबर 2026 को टिहरी पुलिस की साइबर टीम ने जयपुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। साइबर अपराध का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक संजीव थपलियाल। कांस्टेबल अजवीर और कांस्टेबल राहुल शामिल रहे। थाना चंबा से कांस्टेबल सुबोध ने भी टीम में सहयोग किया। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों द्वारा दिए जाने वाले आकर्षक विज्ञापनों के झांसे में आकर ऑनलाइन खरीदारी न करें और सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार के रिफंड के नाम पर भेजे गए अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा करें। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से शिकायत करें। पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क और जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता ही सुरक्षा है।
