प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के अंतर्गत विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की योजना को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित कार्यों के दौरान होने वाली खुदाई से प्रभावित होने वाली विभिन्न विभागों की परिसंपत्तियों और उनके पुनर्निर्माण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। श्री बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत 11 केवी और एलटी विद्युत लाइनों को भूमिगत किया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही 11 केवी विद्युत नेटवर्क पर रिंग सिस्टम विकसित किया जाएगा तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एलटी फीडर पैनल स्थापित किए जाएंगे। योजना के तहत दो कॉम्पैक्ट सब स्टेशन का निर्माण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के लिए प्रस्तावित खुदाई और निर्माण कार्यों से विभिन्न विभागों की परिसंपत्तियां प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावित परिसंपत्तियों का आकलन कर उनके पुनर्निर्माण के प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावों के आधार पर आवश्यक बजट और अन्य व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं ताकि निर्माण कार्यों के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए और सभी कार्य सुव्यवस्थित ढंग से पूरे हो सकें। जिलाधिकारी ने श्री बद्रीनाथ मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी बद्रीनाथ धाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल। अधिशासी अधिकारी बद्रीनाथ सुनील पुरोहित। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
