प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद में ईवीएम और वीवीपैट के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। जनपद में 25 नवंबर 2026 से इस अभियान का शुभारंभ किया जा चुका है। अभियान के तहत प्रथम स्तरीय जांच पूरी होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए 30 बैलेट यूनिट और 30 कंट्रोल यूनिट के साथ 30 वीवीपैट मशीनें अलग की गई हैं। इन मशीनों की सूची मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई है। प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए उपयोग की जाने वाली इन मशीनों को निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अलग गोदाम में सुरक्षित रखा जाएगा। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय में ईवीएम डेमोस्ट्रेशन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं भी डेमोस्ट्रेशन में प्रतिभाग कर ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया समझाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और उप जिलाधिकारी कार्यालय ऊखीमठ तथा रुद्रप्रयाग एवं जखोली में ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आम नागरिक पहुंचकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और स्वयं भी मॉकपोल में प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जनपद के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में दो मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन भी तैनात की गई हैं। ये वैन गांवों और मोहल्लों के साथ वार्डों तथा मतदान केंद्रों एवं विभिन्न क्लस्टरों में पहुंचकर लोगों को ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग की जानकारी देंगी। यह जन-जागरूकता अभियान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की घोषणा किए जाने तक जारी रहेगा। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के बाद ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर अथवा मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें और इस जन-जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
