Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन एड्स सुरक्षा और मातृत्व स्वास्थ्य एवं शिशु स्वास्थ्य के साथ राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम तथा सिफलिस और एचआईवी-एड्स एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए गर्भवती महिलाओं का समय से पंजीकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के साथ संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने तथा नवजात शिशुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए ताकि उन्हें समय पर आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने मिशन एड्स सुरक्षा एवं एचआईवी-एड्स कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए एचआईवी संक्रमण के प्रति आमजन को जागरूक करने और समय पर जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इससे संबंधित भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया। सिफलिस की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए समयबद्ध जांच कराने और विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संक्रमित पाए जाने वाले लोगों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने एचआईवी से ग्रसित बच्चों पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि उन्हें आवश्यक पोषण सामग्री सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके साथ ही राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत हेपेटाइटिस की रोकथाम और जांच एवं उपचार संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इस कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने क्षय रोगियों की पहचान और समय पर जांच कराने के साथ उपचार की निरंतरता बनाए रखने तथा उपचाराधीन मरीजों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में क्षय रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संभावित मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा पात्र लोगों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने को कहा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल। एसीएमओ डॉ.सीमा टेकचंदानी। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.कुणाल चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *