Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा यानी अपर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में संबंधित अधिकारियों और आयोग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परीक्षा के दौरान आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास सतर्क निगरानी रखने के साथ उड़नदस्तों को सक्रिय रखने और परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को परीक्षा केंद्रों पर पेयजल और विद्युत तथा स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित अपर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर को जनपद में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन की परीक्षा होगी जबकि दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक सामान्य अभिरुचि यानी एप्टीट्यूड की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 67 पदों पर चयन किया जाना है। बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर। अपर जिलाधिकारी कमलेश मेहता। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल। मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी। जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा। जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली और तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आयोग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *