Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सैनिक सम्मेलन के समापन के बाद एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अक्टूबर माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद में अक्टूबर माह के दौरान घटित अपराधों और उनके खुलासे की समीक्षा की गई। इसके साथ ही लंबित विवेचनाओं और गंभीर अपराधों के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव। एसपी देहात अभय कुमार सिंह और एसपी सिटी दीपक कुमार सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी तथा कोतवाली एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी नवनीत सिंह ने आगामी चुनाव की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि अराजक तत्वों पर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने 107/116 और 151 के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करते हुए ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने को कहा जो चुनाव के दौरान माहौल खराब कर सकते हैं। उन्होंने शराब पीने और अन्य नशे का सेवन कर माहौल बिगाड़ने वाले पिल्ला गैंग के सदस्यों को कानून का पाठ पढ़ाकर सही रास्ते पर लाने के निर्देश दिए। चुनाव से पहले सभी थाना प्रभारी लाइसेंसी असलहों को जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही अवैध असलहों के इस्तेमाल और उनकी आपूर्ति करने वाली श्रृंखला पर विशेष निगरानी रखी जाए। एसएसपी ने कहा कि चुनाव के दौरान कुछ अराजक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं। ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटा जाए ताकि सामाजिक सौहार्द प्रभावित न हो। उन्होंने मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों में हरिद्वार पुलिस के प्रदर्शन की सराहना करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। हत्या सहित कुछ बड़े मामलों का खुलासा नहीं होने पर एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए एसपी सिटी और एसपी देहात को इन मामलों में गठित पुलिस टीमों का प्रभावी पर्यवेक्षण कर जल्द खुलासा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित और इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान की प्रगति की भी सराहना की। एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने पर जोर देते हुए क्षेत्राधिकारियों को साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवेचनाओं में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में संबंधित क्षेत्राधिकारी समीक्षा करें और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि ऐसे मामले सामने आने पर दिवसाधिकारी या रात्रि अधिकारी तत्काल प्रकरण को देखें और आवश्यकता पड़ने पर थाना प्रभारी स्वयं मामले का निस्तारण करें। उन्होंने सत्यापन अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे आपराधिक तत्वों में कानून का भय बना रहेगा और चुनाव के दौरान माहौल खराब करने की किसी भी कोशिश को रोका जा सकेगा। एसएसपी ने कानून हाथ में लेकर दबंगई दिखाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के साथ ही नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *