प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को तहसील कार्यालय लक्सर में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आमजनमानस को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के प्रति जागरूक करने और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी देने के साथ ही डेमो के उद्देश्य से तहसील परिसर में रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी एवं अन्य सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष पारदर्शी एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
