Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड कौशल विकास मिशन की ओर से राजधानी देहरादून में युवाओं को हॉस्पिटैलिटी तकनीकी क्षेत्र और सप्लाई चेन में निःशुल्क प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल की जा रही है। उत्तराखंड कौशल विकास सोसाइटी की ओर से प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के अंतर्गत 15 से 45 वर्ष तक के युवक-युवतियों को तीन से चार माह का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थानों में 650 से अधिक प्रशिक्षण सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। गढ़ी कैंट स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट यानी आईएचएम देहरादून में हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए 150 तथा फूड एंड बेवरेज असिस्टेंट के लिए 350 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। वहीं सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 12वीं पास एवं आईटीआई योग्यताधारी युवक-युवतियों के लिए सोलर पीवी इंस्टॉलर इलेक्ट्रिकल और असिस्टेंट मैकेनिस्ट आयरन एंड स्टील के 40-40 सीटों के बैच संचालित किए जाएंगे। दून विश्वविद्यालय में 12वीं पास 100 छात्र-छात्राओं के लिए सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप व्यावहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के साथ ही प्लेसमेंट के अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। हॉस्पिटैलिटी कोर्स में पंजीकरण के लिए 9410394201 पर सप्लाई चेन कोर्स के लिए 7618222334 पर तथा संचालित तकनीकी कोर्स के लिए 9870835117 पर संपर्क किया जा सकता है। उत्तराखंड कौशल विकास मिशन की नोडल अधिकारी विनीता बडोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत 15 से 45 वर्ष तक के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग दी जा रही है। आईएचएम देहरादून में फूड एंड बेवरेज सर्विस असिस्टेंट और हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। दून विश्वविद्यालय में सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव तथा सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में सोलर पीवी इंस्टॉलर इलेक्ट्रिकल एवं असिस्टेंट मैकेनिस्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को प्लेसमेंट में सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की व्यवस्था भी रहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को केवल प्रशिक्षण देने तक सीमित न रहकर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। यह पहल प्रदेश के युवाओं को हुनरमंद बनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने में सहायक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *