Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में जिले में संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की दूसरी वर्षगांठ तथा बाल विवाह कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद मुख्यालय नई टिहरी में वृहद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत विकास भवन से हुई जहां मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बाल विवाह जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विकास भवन से प्रारंभ होकर नई टिहरी शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। इसमें महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों के साथ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नई टिहरी के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने नारों के माध्यम से समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध जागरूक किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को बाल विवाह की रोकथाम और इसके उन्मूलन की शपथ दिलाई। रैली के पश्चात राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में बाल विवाह उन्मूलन विषय पर वृहद सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को कानूनी प्रावधानों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी के सचिव एवं न्यायाधीश दयाराम ने बच्चों को बाल विवाह निषेध अधिनियम से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। अधिवक्ता राजपाल मियां ने पॉक्सो अधिनियम और अन्य बाल संरक्षण कानूनों के बारे में विस्तार से बताया। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रीती ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह के प्रतिकूल प्रभावों को देखते हुए इसकी रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर कार्य करना होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सेमिनार में उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई। जिला प्रोबेशन विभाग से विनीता ने सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रश्मि बिष्ट ने सेंटर के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को दी जाने वाली सहायता और योजनाओं के बारे में बताया। मिशन शक्ति कोऑर्डिनेटर रमेश डंगवाल ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर बाल विकास विभाग से रजनी लखेड़ा पूनम नकोटी सौरभ रावत नवीन पंवार विकास शाह सचिन गैरोला अखिल नकोटी और हिमांशु सहित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा आईटीआई नई टिहरी के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *