Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर/चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के सफल निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित होगी। बैठक में परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और आपसी समन्वय के साथ परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं पेयजल विद्युत व्यवस्था स्वच्छता तथा अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने यातायात प्रबंधन करने तथा अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके। जनपद चमोली में परीक्षा के लिए कुल पांच केंद्र बनाए गए हैं जहां 1129 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें अटल उत्कृष्ट श्री 1008 गीता स्वामी राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल गोपेश्वर पीस पब्लिक स्कूल गोपेश्वर क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैंण गोपेश्वर तथा राजकीय नर्सिंग कॉलेज पटियालधार गोपेश्वर शामिल हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *