प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। न्यायालय से प्राप्त वारंटों के शत-प्रतिशत निष्पादन को लेकर टिहरी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल सरिता डोभाल के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत थाना थत्यूड़ पुलिस ने एनआई एक्ट से संबंधित मामले में वांछित वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय से जारी निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी थाना प्रभारियों को न्यायालय से प्राप्त गैर जमानती और अन्य वारंटों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना थत्यूड़ पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त वारंट पर कार्रवाई करते हुए दीपक सिंह पुत्र कृपाल सिंह निवासी मराड़ पोस्ट काटल जौनपुर धनौल्टी थाना थत्यूड़ जनपद टिहरी गढ़वाल को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध चेक बाउंस से संबंधित एनआई एक्ट के मामले में न्यायालय से वारंट जारी हुआ था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। न्यायालय से प्राप्त वारंटों के निष्पादन के लिए जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
