Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पोखड़ा क्षेत्र में बाल विवाह की एक संभावित घटना को समय रहते रोकते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जिला बाल संरक्षण इकाई बाल कल्याण समिति और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई कर नाबालिग बालिका का सुरक्षित रेस्क्यू किया। जिला परिवीक्षा अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि 9 मई 2026 को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को क्षेत्र से बाल विवाह की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही मामला जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति के संज्ञान में लाया गया। इसके बाद बाल कल्याण समिति अध्यक्ष राकेश चंद्रा बिडालिया के निर्देश पर पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया तो एक नाबालिग बालिका का विवाह प्रस्तावित पाया गया। इस पर तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बाल विवाह को रुकवा दिया गया। रेस्क्यू के बाद बालिका को आवश्यक संरक्षण और देखरेख के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित पुनर्वास केंद्र में रखा गया जहां उसे परामर्श और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला परिवीक्षा अधिकारी ने बताया कि हाल ही में जनपद में बाल विवाह रोकथाम और जन-जागरूकता अभियान चलाया गया था। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिकों द्वारा समय पर सूचना देने के कारण यह कार्रवाई संभव हो सकी और एक बालिका का भविष्य सुरक्षित किया जा सका। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp