Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में अपराध और अवैध मादक पदार्थों तथा शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन और संबंधित क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में थाना हिंडोलाखाल और थाना घनसाली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना हिंडोलाखाल पुलिस ने 10 मई 2026 को गुरु देवता मंदिर के पास मुसाण गांव की ओर जाने वाले तिराहे पर बने यात्री शेड के बाहर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दिलीप राजपूत पुत्र मनवीर राजपूत निवासी ग्राम देवली जिला सल्याण नेपाल हाल निवासी गुराई गांव थाना हिंडोलाखाल उम्र 46 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चार पेटी अवैध अंग्रेजी शराब सोलमेट ब्लू व्हिस्की बरामद की गई। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। वहीं थाना घनसाली पुलिस ने सायंकालीन गश्त और चेकिंग के दौरान राकेश सिंह पुत्र मोर सिंह निवासी ग्राम कोटगा बालगंगा थाना घनसाली को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 54 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना हिंडोलाखाल पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक मनीष लामयान और हेड कांस्टेबल विजय सिंह शामिल रहे। थाना घनसाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक डबल सिंह और कांस्टेबल लक्ष्मण प्रसाद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp