Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा यात्रा मार्ग पर लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो वाहन संख्या HR 26FR 8474 को रोका। जांच में पाया गया कि वाहन पर अवैध रूप से पुलिस की नीली-लाल बत्ती हूटर और एस्कॉर्ट के साथ पुलिस का चिन्ह लगाया गया था। पूछताछ में सामने आया कि चालक टोल टैक्स से बचने और अन्य यात्रियों पर प्रभाव जमाने के उद्देश्य से पुलिस पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया। इसके अलावा राजस्थान नंबर की स्विफ्ट कार संख्या RJ 44CA 9337 के चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। एल्कोमीटर जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया। रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान कानून का उल्लंघन और पुलिस अधिकारों का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp