Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चमोली जनपद में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच के चलते स्वरोजगार और महिला उद्यमिता के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। इसी क्रम में ग्राम कुशरानी मल्ली की निवासी गुड्डी देवी ने आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की है। अंतर्राष्ट्रीय कृषि विकास कोष सहायता प्राप्त ग्रामोत्थान परियोजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025–26 में गुड्डी देवी सदस्य माई स्वयं सहायता समूह एवं सरस्वती स्वायत्त सहकारिता माईथान को ब्यूटी पार्लर उद्यम स्थापित करने हेतु 75 हजार रुपये की परियोजना सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त बैंक के माध्यम से 3 लाख रुपये की सीसीएल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। परियोजना और बैंक सहयोग से उन्होंने अपने क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर स्थापित कर सफल स्वरोजगार का उदाहरण प्रस्तुत किया है। वर्तमान में वे स्थानीय महिलाओं को ब्यूटी एवं मेकअप सेवाएं प्रदान कर रही हैं और उनकी सेवाओं की अच्छी मांग बनी हुई है। इस व्यवसाय से वे प्रतिमाह लगभग 20 हजार से 25 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। गुड्डी देवी ने बताया कि परियोजना और बैंक सहयोग से उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पहले छोटे स्तर से कार्य शुरू किया था लेकिन अब उनका ब्यूटी पार्लर स्थायी आय का साधन बन गया है और वे अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp