Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग द्वारा ई-रिक्शा सत्यापन एवं चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन में शिवमूर्ति चौक से ललतारौ पुल तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना, सड़क सुरक्षा को मजबूत करना तथा बिना सत्यापन और बिना निर्धारित क्यूआर कोड स्टिकर संचालित ई-रिक्शाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन निखिल शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान परिवहन कर अधिकारी गोवर्धनपुर मुकेश भारती और परिवहन कर अधिकारी चिड़ियापुर मनीषा शाह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ई-रिक्शाओं के दस्तावेजों और सत्यापन अभिलेखों की गहन जांच की। जांच के दौरान ई-रिक्शाओं के पंजीकरण प्रमाणपत्र बीमा फिटनेस चालक लाइसेंस और विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड स्टिकर की विशेष रूप से जांच की गई। अभियान में अनियमित पाए गए 25 ई-रिक्शाओं को सीज किया गया तथा संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालकों को निर्देश दिए कि वे समय पर अपने वाहनों का सत्यापन कराएं और सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे। परिवहन विभाग ने आमजन और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp