Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में माह अप्रैल की अपराध गोष्ठी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एसएसपी ने अपराध नियंत्रण नशा तस्करी यातायात व्यवस्था और चारधाम यात्रा को लेकर सख्त तेवर दिखाते हुए सभी अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि किसी भी स्थिति में नशा तस्कर या पैडलर गिरफ्तारी से बचना नहीं चाहिए और नशे की पूरी सप्लाई चेन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्राधिकारी साप्ताहिक रूप से इसकी समीक्षा करेंगे। वीकेंड के दौरान शहर से लेकर देहात तक यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए थाना प्रभारी और यातायात प्रभारी आपसी समन्वय बनाए रखें। साथ ही ऑपरेशन प्रहार के तहत बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों की सराहना भी की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि थाना प्रभारी और हल्का प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सीनियर सिटिजन के घर जाकर उनसे संवाद करें और उन्हें आवश्यक सुरक्षा संपर्क नंबर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि आगजनी की किसी भी सूचना पर फायर यूनिट तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करे और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारियों का निर्वहन करें जिससे यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर डाटा समयबद्ध रूप से अपलोड किया जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों की कुंडली खंगालकर उनके खिलाफ पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाए तथा नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी हालत में बख्शा न जाए। जघन्य अपराधों में त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित कर अपराधियों में पुलिस का भय बनाए रखना आवश्यक है। शिकायती प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया गया और संबंधित अधिकारियों को साप्ताहिक समीक्षा कर स्पष्ट समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपराध गोष्ठी में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव एसपी सिटी अभय सिंह एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न अपराध संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp