Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 52 ग्राम चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने और तस्करी में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 11 मई 2026 को कोटद्वार पुलिस एएनटीएफ और सीआईयू की संयुक्त टीम द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस टीम संदिग्ध गतिविधियों और व्यक्तियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान मालन नदी पुल के पास दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी शहनवाज उर्फ शानू निवासी कोटद्वार तथा मोहम्मद फईम निवासी नजीबाबाद उत्तर प्रदेश के कब्जे से कुल 1 किलो 52 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामद चरस में शहनवाज उर्फ शानू के पास से 876 ग्राम और मोहम्मद फईम के कब्जे से 176 ग्राम चरस मिली। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से चरस की तस्करी कर रहे थे। दोनों स्वयं भी नशे के आदी हैं और फल तथा मछली बेचने का काम करते हैं। अधिक पैसा कमाने की लालसा में वे चरस बेचने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में शहनवाज उर्फ शानू उम्र 30 वर्ष निवासी कोटद्वार जनपद पौड़ी गढ़वाल तथा मोहम्मद फईम उम्र 32 वर्ष निवासी जाफ्तागंज नजीबाबाद उत्तर प्रदेश हाल निवासी लकड़ी पड़ाव कोटद्वार शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह राणा उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल एएसआई एहसान अली मुख्य आरक्षी संतोष कुमार कांस्टेबल रविन्द्र भट्ट और कांस्टेबल गम्भीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp