Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ यात्रा के दौरान 9 और 10 मई 2026 को सप्ताहांत होने के कारण बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली। यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में यात्रा पड़ाव सोनप्रयाग में पुलिस बल को पहले से ही तैनात किया गया था। सोनप्रयाग शटल सेवा केंद्र पर यात्रियों का दबाव बढ़ने पर पुलिस ने पूर्व निर्धारित रणनीति के तहत भीड़ को चरणबद्ध तरीके से नियंत्रित किया। यात्रा मार्ग पर आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ समय के लिए शटल सेवा को रोकते हुए यात्रियों को पैदल गौरीकुण्ड की ओर भेजा गया। पुलिस की सक्रिय व्यवस्था के चलते सोनप्रयाग और गौरीकुण्ड के बीच यात्रा मार्ग पर लगातार गतिशीलता बनी रही। यात्रियों के आगे बढ़ने के बाद शटल सेवा को पुनः सामान्य रूप से संचालित किया गया। पूरी यात्रा व्यवस्था के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा कतार प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार दिशा-निर्देश प्रसारित किए गए ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े। रुद्रप्रयाग police ने सेवाभाव का परिचय देते हुए बुजुर्गों महिलाओं और बच्चों की सहायता को विशेष प्राथमिकता दी। प्रभारी निरीक्षक सोनप्रयाग और पुलिस बल के आपसी समन्वय से भारी भीड़ के बावजूद यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रही। रुद्रप्रयाग पुलिस ने कहा है कि भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षित व्यवस्थित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp